चमोली पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए लगाई दौड़, ली शपथ
राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस द्वारा पुलिस कार्यालय, थाना एवं चौकियों में दिलाई शपथ
गोपेश्वर। भारत के लौह पुरुष के नाम से विख्यात सरदार बल्लभ भाई पटेल की जंयती पर चमोली पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के तहत दौड़ का आयोजन किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय अखंडता बनाए रखने के लिए अधिकारी-कर्मचारियों ने शपथ भी ली।
सोमवार को पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन सुश्री नताशा सिंह के निर्देशन में चमोली पुलिस द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम के तहत पुलिस कार्यालय कुण्ड कालोनी से पुलिस लाईन गोपेश्वर तक दौड़ का आयोजन किया गया।

इस दौड़ में जनपद पुलिस, होमागार्ड व एनसीसी के महिला व पुरुष प्रतिभागियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में युवाओं और चमोली पुलिस जवानों द्वारा बढ़-चढकर उत्साह के साथ प्रतिभाग किया गया। दौड़ की शुरूआत पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन सुश्री नताशा सिंह द्वारा प्रतिभागियों को हरी झण्डी दिखाकर की गई। सभी पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा उक्त दौड़ के माध्यम से आमजन को आपस में एकता, अखंडता एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक प्रवीण आलोक,प्रभारी निरीक्षक थाना गोपेश्वर राजेन्द्र रौतेला आदि मौजूद रहे।

दूसरी ओर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सोमवार को राष्ट्र की एकता, अखंडता को अक्षुण्य बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद चमोली के पुलिस अधिकारी/कर्मचारी गणों के मध्य सभी थाना/चौकियों/कार्यालयों में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
पुलिस उपाधीक्षक चमोली श्री प्रमोद कुमार शाह द्वारा पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारी/कर्मचारी गणों, एनसीसी कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के लौह पुरुष कहे जाने वाले सरदार बल्लभ भाई पटेल के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल द्वारा देश को हमेशा एकजुट करने के लिए किये गए अनेकों प्रयास को याद करते हुए इस दिन को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया गया है। कहा कि पुलिस बल का यह विशेष कर्तव्य होना चाहिए कि पुलिस के अनुशासित बल में नियुक्त रहते हुए प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को राष्ट्र की एकता, अखंडता को अक्षुण्य रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिये।



