
(रिपोर्ट: नीरज पुरोहित, देहरादून)
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के सोडा सरोली पुल पर रविवार को दो कारों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक कार में आग लग गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सिरवालगढ़ पुल पर दो कारें आपस में भिड़ गई हैं, जिसमें से एक कार में आग लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार की दाहिनी ओर से आग लग गई, जबकि दूसरी कार भी जलने लगी।
घटना के वक्त दूसरी कार में रजत शर्मा, निवासी दशमेश विहार आमवाला रायपुर, और उनकी मां राधा शर्मा मौजूद थीं। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर जौलीग्रांट अस्पताल भेजा, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, पहली कार में दो लोगों के होने की सूचना मिली, लेकिन वे मौके पर नहीं मिले।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार लोगों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि किसी तकनीकी खराबी या लापरवाही के कारण हादसा हुआ हो सकता है।



