
देहरादून, 04 मार्च 2025: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों में आधारभूत संरचना एवं विकास कार्यों के लिए बड़ी धनराशि स्वीकृत की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत स्वीकृत इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य सड़क, पेयजल, चिकित्सा, शिक्षा एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास को बढ़ावा देना है।
सड़क निर्माण एवं सुधार कार्य : मुख्यमंत्री ने जनपद उत्तरकाशी के यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में क्वालगांव-झुमराड़ा मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण के लिए 329.71 लाख, वहीं पुरोला विधानसभा क्षेत्र में नौगांव-सयूरी मोटर मार्ग के लिए 469.53 लाख की मंजूरी दी। जनपद अल्मोड़ा में NH-109 से न्यू कलेक्ट्रेट एवं मेडिकल कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण और सुधार के लिए 830.52 लाख की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा, देवीधुरा (चम्पावत) में मुख्य बाजार से महाविद्यालय को जोड़ने वाली सड़क के 500 मीटर हिस्से पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के लिए 56.30 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
पेयजल योजनाएं : पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चमोली जिले की मायापुर पेयजल योजना हेतु 415.37 लाख, वहीं देहरादून के नया गांव हाथीबड़कला पेयजल योजना के लिए 619.66 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।
पुलिस एवं प्रशासनिक भवनों का निर्माण: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बनभूलपुरा थाना निर्माण हेतु 390.16 लाख, चम्पावत जिले में बनबसा थाना के नए भवन के लिए 422.43 लाख, वहीं एडवांस ट्रेनिंग सेंटर और राजकीय पॉलिटेक्निक चम्पावत के विस्तार हेतु 593.39 लाख की वित्तीय मंजूरी दी गई है।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का सौंदर्यीकरण : धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले के चटकेश्वर महादेव मेला स्थल एवं प्राचीन शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु 103.50 लाख, चम्पावत जिले के हनुमान मंदिर मेला स्थल, लधौली, ऐड़ी मेला स्थल, कालूखाण एवं फुटलिंग मेला स्थल के सौंदर्यीकरण हेतु 83.61 लाख और डीडीहाट के लछैर महाकाली मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 80.39 लाख स्वीकृत किए हैं।
शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास : राजकीय नर्सिंग संस्थान, कोठगी (रुद्रप्रयाग) में आवासीय भवन, जलापूर्ति, सीवरेज, सोलर वाटर हीटर, सड़क, चाहरदीवारी और अन्य सुविधाओं के लिए 791.79 लाख की स्वीकृति दी गई है।
सामुदायिक भवनों का निर्माण : रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में हरिचांद-गुरूचांद बंग विशाल सामुदायिक भवन के निर्माण हेतु 41.514 लाख, जबकि डीडीहाट की ग्राम पंचायत भंडारी गांव में जन मिलन केंद्र के लिए 55 लाख रुपये की मंजूरी मिली है।



