पिथौरागढ़शिक्षा

आर्मी स्कूल पिथौरागढ़ में बवाल: प्रिंसिपल पर यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप, जांच में जुटा रक्षा मंत्रालय

पिथौरागढ़ (यूके न्यूज 18)। जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य पर महिला कर्मियों के साथ यौन उत्पीड़न और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगने के बाद मामला अब रक्षा मंत्रालय तक पहुंच गया है। आरोपों ने इतना तूल पकड़ लिया है कि राज्य महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद जिलाधिकारी ने जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित कर दी है। वहीं रक्षा मंत्रालय भी जल्द अपनी विशेष टीम पिथौरागढ़ भेजने की तैयारी में है।

करीब एक माह पहले स्कूल में तैनात महिला और अन्य कर्मचारियों ने राज्य महिला आयोग को पत्र भेजकर प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायतकर्ताओं ने उन पर महिला कर्मियों का यौन उत्पीड़न करने, उनके रूप-रंग पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और मानसिक उत्पीड़न करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त नेता गणेश भंडारी ने सोमवार को पत्रकारों से वार्ता में बताया कि स्कूल के करीब 80 फीसदी कर्मचारियों ने प्रधानाचार्य के खिलाफ शिकायत की है, जो खुद में गंभीर बात है। उन्होंने कहा कि मामला केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष रखा गया है तथा रक्षा मंत्रालय से भी इस पर चर्चा की गई है।

भंडारी ने कहा कि “यह प्रकरण न केवल एक संस्थान की छवि बल्कि सीमांत क्षेत्र में सैनिक स्कूलों की गरिमा को भी प्रभावित कर रहा है।”

उधर जिलाधिकारी ए.के. भटगांई ने पुष्टि की कि प्रशासन ने पूरे मामले की गहन जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कमेटी जल्द ही जांच शुरू करेगी और अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी। पिथौरागढ़ के इस प्रतिष्ठित स्कूल में उठे इस विवाद ने शिक्षा जगत और प्रशासन दोनों में हलचल मचा दी है। अब सबकी नजर रक्षा मंत्रालय की जांच टीम पर टिकी है, जो जल्द ही पिथौरागढ़ पहुंचने वाली है।

Related Articles