पुष्कर सिंह धामी का खटीमा में आत्मीय संबोधन
होली हमारी समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक”

खटीमा। सनातन धर्मशाला रामलीला मैदान, खटीमा में आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर जनसमुदाय को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा मैदान रंग, उमंग और लोकधुनों से सराबोर नजर आया।
मुख्यमंत्री ने पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली और थारू होली गायन में भाग लेकर स्थानीय नागरिकों के साथ उत्सव की खुशियां साझा कीं। उनके आत्मीय अंदाज़ ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।
“खटीमा मेरा घर, खटीमावासी मेरा परिवार”
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भावुक स्वर में कहा,
“खटीमा मेरा घर है और खटीमावासी मेरा परिवार है। अपने परिवारजनों के बीच आकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है।”
उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सद्भाव, समरसता और भाईचारे का प्रतीक है। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान की सशक्त आधारशिला हैं, जिन्हें सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी है।
संस्कृति से जुड़ाव का सशक्त माध्यम
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन न केवल हमारी समृद्ध विरासत को संरक्षित करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का भी कार्य करते हैं। उन्होंने मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा कि महिला शक्ति के बिना कोई भी समाज पूर्ण नहीं हो सकता।
प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और इसी दिशा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है।
खटीमा: ‘मिनी इंडिया’ की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा सर्वधर्म समभाव का प्रतीक है और ‘मिनी इंडिया’ के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग प्रेम, सौहार्द और एकता के साथ रहते हैं तथा सभी पर्वों को मिल-जुलकर मनाते हैं।
उन्होंने आधुनिक परिवेश के बीच पारंपरिक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने के लिए स्थानीय नागरिकों और आयोजन समिति की सराहना की।
विकसित भारत के संकल्प में योगदान का आह्वान
मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय से आह्वान किया कि हम सब मिलकर खटीमा, प्रदेश और देश की उन्नति के लिए कार्य करें और आदरणीय प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ होली खेलकर उत्सव की आनंदमयी भावना को और प्रगाढ़ किया तथा समस्त प्रदेशवासियों को सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण होली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री मंजीत सिंह, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडे, महासचिव रमेश चंद्र जोशी, नंदन सिंह खड़ायत, गंभीर सिंह धामी, सतीश भट्ट तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



