केदारनाथ पैदल मार्ग पर कुबेर गदेरे तक हटाई गई बर्फ, मार्च अंत तक केदारनाथ पैदल मार्ग से हटा दी जायेगी बर्फ।
डीडीएमए के मजदूर जुटें हैं बर्फ हटाने में।

गुप्तकाशी। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। निर्माण खण्ड लोनिवि गुप्तकाशी के मजदूरों की टीम लगातार बर्फ साफ करने के कार्य मे जुटी है। विगत शनिवार तक मजदूर बर्फ साफ करते हुए कुबेर गदेरे तक पहुंच गये। जबकि मार्च अंत तक बर्फ हटने वाली टीम के केदारनाथ धाम तक पहुंचने की उम्मीद है।
बतादें की आगामी 6 मई को बाबा केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय हुई है, उसके बाद से जिला प्रशासन सारी यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू करने में जुट गया है। उसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देशन में गौरीकुंड से केदारनाथ पैदल मार्ग को बेहतर बनाया जा रहा है। सर्वप्रथम पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य किया गया है, ताकि अन्य विभागों को केदारनाथ पहुंचने में आसानी हो सके। डीडीएमए के 150 से भी अधिक मजदूर बर्फ साफ करने के कार्य मे लगे हैं, उनके द्वारा कुबेर गदेरे तक बर्फ साफ कर दी गयी है।
हालांकि मार्ग को अभी सिर्फ 1 मीटर चौड़ा बनाया जा रहा है ताकि घोड़े खच्चरों के साथ ही एडवांस टीमों की आवाजाही हो सके। केदारनाथ धाम तक बर्फ हटाने के बाद नीचे को प्रस्थान करेगी, मजदूरों की टीम के द्वारा मार्ग को ऊपर से बर्फ साफ करते हुए रास्ते को 3 मीटर चौड़ा करने का काम किया जायेगा। तापमान के सही रहने पर बर्फ के पिघलने की भी उम्मीद है।
साथ ही मौसम विभाग के द्वारा रविवार को बारिश का अलर्ट किया गया है जिसका असर बर्फ हटाने के कार्य पर पड़ेगा।
आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्दन सिंह रजवार ने बताया कि डीडीएमए के मजदूर केदारनाथ पैदल मार्ग पर बर्फ हटाने के कार्य मे जुटे हैं, जिनका समय समय पर निरीक्षण भी किया जा रहा है। उन्होंने अवगत किया कि पैदल मार्ग पर कहीं कहीं पर ग्लेशियर भी पड़े हैं जिन्हें काटकर मार्ग बनाया जा रहा है।
डीडीएमए के ईई प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि बर्फ साफ करने का कार्य प्रगति पर है और बर्फ साफ करने वाली टीम बर्फ साफ करते हुए कुबेर गदेरे तक पहुंच गई है। इसी गति से कार्य होता रहा तो 31 मार्च से पहले मजदूर बर्फ साफ करते हुए केदारनाथ धाम पहुंच जायेंगे।




