क्राइमदेहरादून

तेज रफ्तार कार ने छह को कुचला, चार की मौत, दो घायल

कार चालक फरार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

देहरादून। राजधानी में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ समय पहले कैंट थाना क्षेत्र के कौलागढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे को लोग भूल भी नहीं पाए थे कि बुधवार देर रात राजपुर थाना क्षेत्र के साईं मंदिर के पास एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने कई लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके से फरार हुए कार चालक की तलाश में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि कार चंडीगढ़ नंबर की थी।

मृतकों की हुई शिनाख्त, दो अज्ञात

हादसे में मारे गए चार मजदूरों में से दो की पहचान हो गई है। मृतकों में मंशाराम (30) पुत्र रामबहादुर निवासी ग्राम लोटी सरया, थाना बाबाबाजार, जिला अयोध्या (उत्तर प्रदेश) और रंजीत (35) निवासी ग्राम लोटी सरया, थाना बाबाबाजार, जिला अयोध्या (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। दो अन्य मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

घायलों को दून अस्पताल किया गया रेफर

हादसे में घायल स्कूटी सवारों की पहचान धनीराम पुत्र राजकुमार निवासी अजीजपुर, थाना टड़ियामा, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) और मोहम्मद शाकिब पुत्र मोहम्मद जहीर निवासी हसनपुर, थाना बाजपट्टी, जिला सीतामढ़ी (बिहार) के रूप में हुई है।

Related Articles