उत्तराखंड

उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला: 15 मार्च को पर्वतीय होली पर रहेगा सार्वजनिक अवकाश

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए पर्वतीय होली के अवसर पर 15 मार्च 2025 (शनिवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार यह अवकाश सभी शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और विद्यालयों में लागू रहेगा।

हालांकि, बैंकों, कोषागारों और उप कोषागारों में यह अवकाश प्रभावी नहीं होगा। प्रदेश सरकार ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए यह निर्णय लिया है, जिससे उत्तराखंडवासी पारंपरिक पर्वतीय होली को पूरे हर्षोल्लास के साथ मना सकें।

पर्वतीय होली का महत्व
उत्तराखंड में पर्वतीय होली का विशेष महत्व है। यह न केवल रंगों और उल्लास का पर्व है, बल्कि पारंपरिक लोकसंस्कृति, संगीत और मेल-मिलाप का भी प्रतीक है। कुमाऊं और गढ़वाल में इसे अलग-अलग तरीकों से मनाया जाता है, जहां बैठकी होली, खड़ी होली और महिलाओं की होली जैसे आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र होते हैं।

प्रदेश सरकार के इस निर्णय से उत्तराखंड के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए सरकार का आभार जताया है।

Related Articles