देश

दिल्ली में लाल किले के पास जोरदार धमाका, कई वाहन जलकर खाक – राजधानी में हाई अलर्ट

दिल्ली। देश की राजधानी सोमवार शाम एक बार फिर दहल उठी जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद मौके पर आग की ऊंची लपटें उठीं और तीन से चार वाहन आग की चपेट में आ गए।

दमकल विभाग को सूचना मिलते ही सात फायर टेंडर घटनास्थल पर भेजे गए, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। धमाके के कारण आसपास की दुकानों और लाल मंदिर के शीशे टूट गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति की मौत और कई लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, एनएसजी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच में जुटी हैं।

राजधानी में इस घटना के बाद हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है, और लाल किला, जामा मस्जिद, चांदनी चौक व आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles