देश

कश्मीर में शहीद हुए जवानों को मोरारीबापू की श्रद्धांजलि और परिवारजनों को सहायता

नई दिल्ली | विशेष संवाददाता (शैल संवाद)

जम्मू-कश्मीर के डोडा क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में भारतीय सेना के 10 जवानों के शहीद होने की दुखद घटना पर देशभर में शोक की लहर है। एंटी-टेररिस्ट फोर्स का एक सैन्य वाहन सैनिकों को लेकर सर्च ऑपरेशन पर था। इसी दौरान चालक के नियंत्रण खो देने से वाहन लगभग 200 फुट गहरी खाई में गिर गया, जिससे मौके पर ही 10 जवान वीरगति को प्राप्त हो गए। इस हादसे में 11 अन्य सैनिक घायल भी हुए हैं।

इस हृदयविदारक घटना पर मोरारी बापू ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रति शहीद 25,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इस प्रकार कुल 2,50,000 रुपये की सहायता राशि ट्रस्ट के माध्यम से आर्मी वेलफेयर फंड में भेजी जाएगी।

वहीं, हादसे में घायल हुए 11 सैनिकों के लिए भी सहायता राशि की घोषणा की गई है। प्रत्येक घायल सैनिक को 11,000 रुपये के हिसाब से कुल 1,21,000 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

मोरारी बापू ने सभी दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायल सैनिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।

Related Articles