धर्महरिद्वार

हरिद्वार: लोहड़ी व मकर संक्रांति स्नान पर्व पर विशेष यातायात प्लान लागू

(शैल संवाद ब्यूरो) हरिद्वार में लोहड़ी एवं मकर संक्रांति स्नान पर्व (13 व 14 जनवरी 2026) को लेकर पुलिस व प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए शहर में 12 जनवरी की रात 12 बजे से सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पंजाब व हरियाणा से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग रूट व पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। मुख्य रूप से पंतद्वीप, दीनदयाल, अलकनंदा, चमकादड़ टापू और बैरागी कैंप पार्किंग में वाहन खड़े कराए जाएंगे। दबाव बढ़ने पर वाहनों को लक्सर, जगजीतपुर और शनि चौक की ओर से डायवर्ट किया जाएगा।

देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले वाहनों के लिए नेपालीफार्म–रायवाला–हरिद्वार मार्ग निर्धारित किया गया है, जबकि मेरठ–दिल्ली व नजीबाबाद जाने वाले वाहनों के लिए अलग रूट तय किए गए हैं। निजी बसों व ऑटो–विक्रम के लिए भी विशेष डायवर्जन लागू रहेगा।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे तय रूट व पार्किंग का ही प्रयोग करें, जिससे स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Related Articles