पर्यटनरूद्रप्रयाग

अगस्त्यमुनि में कल से शुरू होगा भव्य मंदाकिनी शरदोत्सव, लोकसंस्कृति की झलक बिखेरेंगे कलाकार

मेला समिति ने व्यवस्थाओं को दिया अंतिम रूप

अगस्त्यमुनि।
स्थानीय लोकसंस्कृति, परंपरा और सामुदायिक एकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अगस्त्यमुनि में आयोजित पांच दिवसीय मंदाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि-औद्योगिक विकास मेला के सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षवर्धन बेंजवाल, संयोजक विक्रम नेगी और महासचिव पृथ्वीपाल रावत ने बताया कि 7 से 11 नवम्बर तक चलने वाले इस भव्य मेले में सांस्कृतिक, धार्मिक और मनोरंजन से जुड़ी विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी।

सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ती ठंड को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यक्रम दिन के समय आयोजित किए जाएंगे। मेला मैदान में मौत का कुआं, चरखी, झूले और विभिन्न दुकानों की सजावट भी शुरू हो चुकी है। मेला समिति ने सभी सदस्यों से मेले के सफल संचालन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा

7 नवम्बर —
मेले का शुभारंभ राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष शैलपुत्री ऐश्वर्या रावत द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी करेंगी। दोपहर में विद्यालयों की जूनियर वर्ग सांस्कृतिक प्रतियोगिता होगी, जबकि शाम 4 बजे से पम्मी नवल और मृणाल रतूड़ी रंगारंग प्रस्तुतियाँ देंगी।

 8 नवम्बर —
मेले का औपचारिक उद्घाटन उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष शैलपुत्री ऐश्वर्या रावत करेंगी। अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष राजेन्द्र गोस्वामी करेंगे और विशिष्ट अतिथि होंगी जिला पंचायत उपाध्यक्ष रितु नेगी। दोपहर में विद्यालयों की सीनियर वर्ग सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित होगी। शाम 4 बजे से पद्मभूषण प्रीतम भरतवाण की संगीतमय संध्या होगी।

 9 नवम्बर —
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम होंगे। मुख्य अतिथि होंगे प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा, अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत करेंगी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी और केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल उपस्थित रहेंगी।

10 नवम्बर —
इस दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य करेंगे। अध्यक्षता पूर्व विधायक मनोज रावत करेंगे। विशिष्ट अतिथि होंगे गणेश गोदियाल, डॉ. रकसिंह रावत और लखपत बुटोला। दोपहर में मुकेश टमवाल और अर्चना सती सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे, जबकि शाम को संगीता डौडियाल अपनी प्रस्तुति देंगी।

11 नवम्बर —
मेले का भव्य समापन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्य आतिथ्य में होगा। अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेश भट्ट करेंगे। विशिष्ट अतिथि होंगे राज्य सीमांत अनुश्रवण परिषद के अध्यक्ष चण्डी प्रसाद भट्ट और बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष विजय कपरवाण।

दोपहर 1 बजे से आचार्य कृष्णानंद नौटियाल, महिला वीरांगना संगठन और जय केदार कला मंच के संयुक्त तत्वावधान में “मंच चक्रव्यूह” का आयोजन होगा। इसके बाद 2 बजे अंकित एवं साथियों द्वारा गैंडा वध की प्रस्तुति दी जाएगी। शाम 4 बजे पुरस्कार वितरण के साथ मेले का समापन किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता

थानाध्यक्ष अगस्त्यमुनि ने बताया कि मेले में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। मेले के दौरान मेला मैदान में बिना अनुमति किसी वाहन की एंट्री नहीं होगी। साथ ही सभी झूला, चरखी और मौत का कुआं संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles