रूद्रप्रयागशिक्षाहेल्थ

उत्तराखंड की लोक संस्कृति और एकता का संगम बना अगस्त्यमुनि — रजत जयंती पर निकला भव्य यूनिटी मार्च ।

रुद्रप्रयाग (यूके न्यूज 18)। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर अगस्त्यमुनि में एक भव्य ‘यूनिटी मार्च’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन माई भारत के जिला निदेशक राहुल डबराल के निर्देशन में किया गया।

मार्च की शुरुआत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि से हुई और यह यात्रा अगस्त्यमुनि खेल मैदान तक पहुँची। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, महिला एवं युवा मंगल दलों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने ध्वजारोहण एवं सलामी लेकर किया। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी के दौरान “एक भारत श्रेष्ठ भारत”, “राष्ट्र प्रथम”, “जय उत्तराखंड” और “एकता हमारी शक्ति है” जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

मंच पर आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में महिला एवं युवा मंगल दलों की रंगारंग लोकनृत्य और गीतों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की।
‘यूनिटी मार्च’ के माध्यम से जनमानस ने न केवल राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया, बल्कि राज्य निर्माण में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, अगस्त्यमुनि ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेन्द्र बिष्ट, जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज चौहान, तथा कार्तिकस्वामी मंदिर समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles