रूद्रप्रयाग

इगास पर रुद्रप्रयाग पहुंचे मुख्यमंत्री धामी: आपदा प्रभावित परिवारों से की मुलाकात, दिए 5-5 लाख की सहायता, किया स्थायी हेलीपैड और सड़क निर्माण का ऐलान

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के लोकपर्व इगास (बग्वाल) के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रुद्रप्रयाग जनपद के बसुकेदार तहसील के ग्राम भौंर पहुंचे। यहां उन्होंने हाल ही में आई आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की, उनका हाल जाना और राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने आपदा में जान गंवाने वाले कुलदीप सिंह नेगी (वन श्रमिक) और सते सिंह के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ी है और किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने प्रभावितों के साथ भोजन भी किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों को समयबद्ध सहायता दी जाए और पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

📢 मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं:

क्षेत्र में स्थायी हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा।

ग्राम भौंर में नया आंगनवाड़ी केंद्र बनाया जाएगा।

गांव तक दोपहिया वाहनों की आवाजाही हेतु मोटर सड़क निर्माण के लिए ₹1 करोड़ की धनराशि स्वीकृत।

छेनागाड़ बाजार को पुनर्जीवित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

आपदा में क्षतिग्रस्त मकानों और वाहनों के लिए मुआवजा देने का निर्णय।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड एक आपदा-संवेदनशील राज्य है, इसलिए सरकार ने आपदा प्रबंधन को और सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ राहत कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में सड़कों, पेयजल, बिजली और संचार व्यवस्था की मरम्मत कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द सामान्य जीवन मिल सके।

गांव पहुंचने पर मुख्यमंत्री का ग्रामीणों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं की थाप पर स्वागत किया। लोगों ने राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे त्वरित राहत कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

इस मौके पर विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, जिलाधिकारी प्रतीक जैन, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, एडीएम श्याम सिंह राणा, सीओ प्रबोध घिल्डियाल, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles