रूद्रप्रयाग

मंदाकिनी शरदोत्सव का भव्य समापन, विधायक आशा नौटियाल ने दी 5 लाख की सहायता

अगस्त्यमुनि (यूके न्यूज 18)। पाँच दिवसीय मंदाकिनी शरदोत्सव एवं औद्योगिक-कृषि विकास मेला मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने शिरकत की और मेले के सफल आयोजन के लिए समिति को 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि मंदाकिनी घाटी की संस्कृति, लोककला और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि यह मेला क्षेत्र की पहचान और विकास का प्रतीक बन चुका है, आने वाले समय में इसे और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि बद्री-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विक्रम कप्रवाण ने कहा कि यह मेला न केवल सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण करता है, बल्कि स्थानीय कारीगरों और किसानों की आर्थिक उन्नति का माध्यम भी बन रहा है। समिति की ओर से भी इस आयोजन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया गया।

समापन समारोह की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने की। उन्होंने कहा कि यह उत्सव श्रद्धा, परंपरा और लोक कला का अद्भुत संगम है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाता है।

जीएमबीएन के पूर्व निदेशक पंकज भट्ट ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने की दिशा में यह मेला एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर अपार प्रतिभा है, जिसे ऐसे आयोजनों से मंच मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान केदार घाटी मंडल की ओर से कृष्णानंद नौटियाल के निर्देशन में “चक्रव्यूह” नाटक का मंचन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस बार नाटक में महिलाओं ने अभिनय नहीं किया, फिर भी प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।

मेला समिति के अध्यक्ष हर्षवर्धन बेंजवाल ने सभी अतिथियों और दर्शकों का स्वागत किया, जबकि मेला संयोजक विक्रम नेगी ने सफल आयोजन के लिए जनसहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतरता प्रदान करेगी।

समापन अवसर पर लोकनृत्य, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पाँच दिनों तक चले इस मेले में भारी जनसहभागिता रही और पूरा अगस्त्यमुनि नगर सांस्कृतिक रंगों में रंग उठा।

Related Articles