मंदाकिनी शरदोत्सव के लिए सजा अगस्त्यमुनी स्पोर्ट्स ग्राउंड। कल होगा मेले का शानदार आगाज
मेला समिति ने पूर्ण की सभी तैयारियां। केदारनाथ विधायक करेंगी मेले का उद्घाटन

अगस्त्यमुनि: जनपद रुद्रप्रयाग में लगने वाले सबसे बड़े मेले मंदाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि औद्योगिक विकास मेले की सभी तैयारियां को पूर्ण कर दिया गया है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर लगने वाला ये मेला इस बार केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव आचार संहिता के कारण समय से नहीं लग पाया। मेला समिति द्वारा आयोजन को लेकर सभी तैयारियां को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस बार लगने वाला मेला पूर्व वर्षों के मुकाबले इस बार थोड़ा अलग है। जहां एक और अगस्त्यमुनि स्पोर्ट्स स्टेडियम का ग्राउंड निर्माणाधीन होने के कारण धूल मिट्टी मेला संपन्न करवाने हेतु एक चुनौती होगी वही दिसंबर माह में पड़ रही ठंड से मेले में कितनी भीड़ होगी यह भी देखने वाली बात होगी। हालांकि मेला समिति की ओर से अत्यधिक ठंड को देखते हुए रात्रि में होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों को इस बार दिन में करवाये जाने का निर्णय लिया गया है। समिति के संयोजक विक्रम सिंह नेगी ने बताया कि सभी कार्यक्रम इस समय दिन के समय संपादित किए जाएंगे। रात्रि में होने वाले कार्यक्रम अत्यधिक ठंड की वजह से स्थगित किए हुए हैं।
कल 23 दिसंबर को मेले का उद्घाटन केदारनाथ की नवनिर्वाचित विधायक श्रीमती आशा नौटियाल द्वारा किया जाएगा। मेला संरक्षक शैलपुत्री ऐश्वर्या रावत, मेला अध्यक्ष श्री हर्षवर्धन बेंजवाल ने सभी सदस्यों एवं क्षेत्रीय जनता को मेले को भव्य रूप देने में अपना सहयोग देने की अपील की। मेला महासचिव श्री पृथ्वी पाल सिंह रावत ने जनपद रुद्रप्रयाग सहित क्षेत्रीय जनता को मेले में पहुंचकर मंदाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि औद्योगिक विकास मेले में शिरकत करने की अपील की।
इस अवसर पर श्री हर्षवर्धन बेंजवाल, श्री पृथ्वी पाल सिंह रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह नेगी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भंडारी, अजीत बर्तवाल, मनोज कुंवर, पूर्व सभासद उमा प्रसाद भट्ट, पूर्व सभासद गोल्डी राणा सहित कई लोग मौजूद थे



