
रुद्रप्रयाग। जनपद के रुद्रप्रयाग तहसील अंतर्गत ग्राम जौंदला के पाली मल्ली तोक में मंगलवार रात को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति को बाघ ने अपना निवाला बना लिया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह लगभग 9:12 बजे ग्राम प्रधान अनिल नेगी द्वारा सूचना दी गई कि ग्राम जौंदला के पाली मल्ली तोक में बाघ ने एक व्यक्ति को उठा लिया है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। चौकी इंचार्ज चोपता दुर्गाधार एवं प्रभागीय वन अधिकारी रुद्रप्रयाग द्वारा बताया गया कि घटनास्थल से व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया है। शव जंगल के भीतर सड़क मार्ग से काफी दूर मिला, जिसे बाहर निकालने के लिए डी.डी.आर.एफ. टीम को बुलाया गया है।
मृतक की पहचान श्री मनबर सिंह विष्ट (उम्र लगभग 54 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय श्री चन्द्र सिंह, निवासी ग्राम पाली, तहसील रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।
घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बाघ की धरपकड़ के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।



