केदारनाथ उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने घोषित किया प्रत्याशी, दावेदारों की भीड़ में पिछड़ी बीजेपी
निवर्तमान विधायक शैलारानी रावत के निधन के पश्चात इस सीट पर हो रहा है उपचुनाव।

रुद्रप्रयाग: (संवाद सूत्र)
केदारनाथ विधानसभा के लिए होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी से पहले प्रत्याशी घोषित कर बाजी मार ली है। बीजेपी की ओर से टिकट के दावेदारों की बढ़ती संख्या के मध्ये नजर हॉट सीट बनी केदारनाथ हेतु कांग्रेस के पाले में भी दमदार प्रत्याशी को उतारने का दबाव पार्टी के ऊपर था। लंबी जद्दोजहद और मंथन के पश्चात आखिरकार पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित कर लिया है।
सूत्रों की माने तो पार्टी की ओर से केदारनाथ विधानसभा से भूतपूर्व विधायक मनोज रावत के ऊपर भरोसा जताया गया है। मनोज रावत को कांग्रेस पार्टी ने अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। हालांकि पूर्व में इस तरह की खबरें भी छनकर सामने आ रही थी कि पार्टी भारतीय जनता पार्टी के बागी उम्मीदवार को भी टिकट दे सकती है या फिर पूर्व कैबिनेट मंत्री और राजनीति के माहिर हरक सिंह रावत को भी केदारनाथ से मैदान में उतार सकती है। परंतु कांग्रेस पार्टी की ओर से निवर्तमान विधायक स्व० शैला रानी रावत को 2017 में परास्त करने वाले मनोज रावत पर फिर से भरोसा जताया गया है।
आज देर रात या कल सुबह तक प्रत्याशी घोषित कर सकती है भाजपा
कांग्रेस पार्टी की ओर से अपना उम्मीदवार घोषित किए जाने के पश्चात भारतीय जनता पार्टी पर भी प्रत्याशी के नाम की घोषणा किये जाने का दबाव बढ़ गया है। कांग्रेस की अपेक्षा भारतीय जनता पार्टी के पास इस समय दावेदारों की संख्या अधिक है। अब जबकि नामांकन में मात्र तीन दिनों का समय अवशेष रह गया है, भारतीय जनता पार्टी अभी तक अपना प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा स्व० विधायक के परिवार से इतर अगर किसी को टिकट देती है तो वह उनके लिए चुनाव में नुकसानदायक साबित हो सकता है। भाजपा की ओर से तमाम समीकरणों को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशी के नाम पर अंतिम मुहर लगाए जाने की कवायद अंतिम दौर में है। कयास लगाए जा रहे हैं की टिकट की प्रबल दावेदार पूर्व विधायक आशा नौटियाल को बद्री केदार मंदिर समिति में जिम्मेदारी देकर उपचुनाव हेतु दिवंगत विधायक की पुत्री ऐश्वर्या रावत को टिकट दिया जा सकता है। कुल मिलाकर भाजपा की ओर से प्रत्याशी जो भी होगा उसके नाम की घोषणा आज रात या कल सुबह तक किये जाने की प्रबल संभावना है।



