रूद्रप्रयाग

क्रौंच पर्वत कार्तिक स्वामी में दक्षिण भारतीय आचार्यगण करेंगे 108 बालमपुरी शंख पूजा

28 मई से 4 जून तक भगवान कार्तिकेय की होगी बद्रीनाथ यात्रा एवं 5 जून से 15 जून तक होगा महायज्ञ का आयोजन

रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग में स्थित भगवान कार्तिक स्वामी के मंदिर में एक बार पुनः दक्षिण भारत के प्रतिष्ठित मंदिरों के आचार्यगणों एवं उत्तर भारत के विद्वान कर्मकांडी ब्राह्मणों द्वारा दी जाने वाली यज्ञ आहुतियां से विश्व के कल्याण की कामना करेंगे। कार्तिकेय मंदिर समिति विगत कई दशकों से विश्व कल्याण हेतु लगातार जून के महीने में महायज्ञ का आयोजन करती आ रही है। साथ ही विगत कुछ वर्षों से उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद, जिला प्रशासन और मंदिर समिति के संयुक्त प्रयासों से दक्षिण भारत से पहुंचने वाले आचार्यगणों द्वारा 108 बालमपुरी शंख पूजा भी की जा रही है।

 

        मंदिर समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 18 मई को तमिलनाडु के छह प्रतिष्ठित मंदिरों के आचार्यगण माईलम एथेनम, कूनमपट्टी एथेनम, कौमारा मुत्त एथेनम, श्रृंगेरी मुत्तू सहित अन्य पीठों के आचार्य 108 बालमपुरी शंख पूजा एवं हवन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

क्रौंच पर्वत पर स्थित भगवान कार्तिकेय का भव्य मंदिर

         उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार 28 मई से 4 जून तक भगवान कार्तिकेय बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर भी जाएंगे। मीडिया को जारी विज्ञप्ति में उन्होंने बताया कि 28 मई को कार्तिक स्वामी की चल मूर्ति मंदिर से चलकर सतूड़ कार्तिक स्वामी मंदिर होते हुए रात्रि विश्राम पोखरी में करेगी। अपनी यात्रा के दौरान भगवान कार्तिक की चल मूर्ति गोपीनाथ मंदिर गोपेश्वर, अत्रि मुनि आश्रम, अनुसूया देवी मंदिर, चमोली, पीपलकोटी, नृसिंह मंदिर जोशीमठ, कुबेर मंदिर पांडुकेश्वर, बद्रीनाथ धाम, घंटाकर्ण मंदिर माणा होते हुए वसुधारा पहुंचेगी। 

कार्तिकेय की बद्रीनाथ यात्रा का कार्यक्रम

          वहीं उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 5 जून से और 15 जून तक कार्तिकेय स्वामी मंदिर क्रौंच पर्वत पर महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। विश्व कल्याण हेतु किए जाने वाले इस 11 दिवसीय महायज्ञ का समापन 14 जून को भव्य जल कलश यात्रा एवं 15 जून को पूर्णाहुती के साथ होगा।

     रुद्रप्रयाग विधायक श्री भरत सिंह चौधरी, केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती ऐश्वर्या रावत, जिला प्रशासन सहित मंदिर समिति के प्रबंधक श्री पूर्ण सिंह नेगी, अध्यक्ष श्री विक्रम सिंह नेगी, प्रबंधक रमेश सिंह, कोषाध्यक्ष श्री चंद्र सिंह सहित मंदिर समिति से जुड़े हुए पदाधिकारियों ने भगवान कार्तिकेय में विश्वास रखने वाले भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

 

 

 

Related Articles