जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले के विरोध में भाजपा रुद्रप्रयाग ने जताया शोक, दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

रुद्रप्रयाग। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आज भाजपा जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में एक शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
भाजपा पदाधिकारियों ने अपने वक्तव्य में कहा कि यह हमला न केवल निर्दोष लोगों पर, बल्कि भारत की संस्कृति, शांति और मानवता के मूल्यों पर हमला है। उन्होंने कहा कि हम शोक संतप्त परिवारों के साथ अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हैं और ऐसे कायरतापूर्ण कृत्यों का देश कभी समर्थन नहीं करेगा।
पदाधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि आतंकियों की जम्मू-कश्मीर को अशांत करने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी। भारतवर्ष इस अमानवीय कृत्य को न भूलेगा और न ही माफ करेगा।
इस शोक सभा में भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, जिला प्रभारी बलबीर घुनियाल, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष शकुंतला जगवान, दिनेश उनियाल, सविता भंडारी, प्रदीप राणा, सुमन जनलोकी, सुरेंद्र रावत, राजेंद्र लाल, किरण शुक्ला सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



