रुद्रप्रयाग: चोपड़ा क्षेत्र में गुलदार का आतंक, मनवर सिंह बिष्ट को बनाया था निवाला — अब वन विभाग ने लगाए पिंजरे

रुद्रप्रयाग। जनपद के चोपड़ा क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते एक दिन पूर्व गुलदार ने ग्राम मल्ली पाली निवासी मनवर सिंह बिष्ट को हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीण भय के साए में दिन-रात गुजार रहे हैं।
घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाया। गुलदार को पकड़ने के लिए विभाग ने अब चोपड़ा और आसपास के इलाकों में पिंजरे लगा दिए हैं। इसके साथ ही ट्रैप कैमरे भी लगाए गए हैं ताकि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि टीम पूरी तरह सतर्क है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे शाम के बाद अकेले घरों से बाहर न निकलें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही गुलदार की गतिविधियों से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। सभी लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द गुलदार को पकड़कर जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाए ताकि क्षेत्र में फिर से शांति बहाल हो सके।



