रुद्रप्रयाग में धूमधाम से मनाया जाएगा इगास पर्व, गुलाबराय मैदान में होगा भव्य सामूहिक आयोजन

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देशन में इस वर्ष जनपद में पारंपरिक लोक पर्व इगास (बग्वाल) को बड़े उत्साह और सांस्कृतिक धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। पर्व की तैयारियाँ जिला प्रशासन की देखरेख में जोर-शोर से चल रही हैं।
मुख्य आयोजन 1 नवम्बर की सायं 6 बजे गुलाबराय मैदान में सामूहिक रूप से किया जाएगा। इस अवसर पर जनपद के सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, महिला मंगल दलों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा स्थानीय नवयुवक दलों के सदस्य पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे।
मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि इगास पर्व को सामूहिक रूप से मनाने का उद्देश्य स्थानीय लोकसंस्कृति को बढ़ावा देना और पारंपरिक पर्वों के प्रति नई पीढ़ी में जागरूकता लाना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सामूहिक दीप प्रज्वलन (भैलो) का आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरा मैदान इगास की रौशनी और उल्लास से जगमगा उठेगा।
कार्यक्रम में स्थानीय लोक कलाकारों, महिला मंगल दलों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी। इनमें जागर गीत, झुमैलो नृत्य, और पारंपरिक ढोल-दमाऊं की थाप पर लोकनृत्य मुख्य आकर्षण रहेंगे।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस पारंपरिक पर्व में उत्साहपूर्वक भाग लें। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक आयोजन समाज में एकता, लोकसंस्कृति के संरक्षण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं।



