रूद्रप्रयाग

विक्रम नेगी बने कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष

रूद्रप्रयाग: श्री कार्तिकेय मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक में सर्वसम्मति से श्री विक्रम सिंह नेगी को कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित किया गया। श्री नेगी अभी तक समिति में उपाध्यक्ष के पद पर अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। गौरतलब है कि इससे पूर्व समिति के अध्यक्ष रहे श्री शत्रुघ्न सिंह नेगी का कुछ माह पूर्व आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के पश्चात कुछ समय से श्री विक्रम सिंह नेगी ही कार्यकारी अध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन कर रहे थे। 

निर्वाचित होने की पश्चात समिति के पदाधिकारियों और जनसमूह को संबोधित करते श्री नेगी

सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद पर चयनित होने के पश्चात श्री नेगी ने पूर्व में अध्यक्ष रहे स्वर्गीय श्री शत्रुघ्न सिंह नेगी के असमय निधन पर गहन दुःख प्रकट किया और कहा कि उनके द्वारा मंदिर समिति के उत्थान और कार्तिक स्वामी मंदिर को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने हेतु किए गए प्रयासों के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाता रहेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया की कार्तिकेय मंदिर के उत्थान और इस स्थल की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने हेतु वह अपने स्तर से सदैव प्रयासशील रहेंगे। उन्होंने समिति के अन्य पदाधिकारियों द्वारा उनके प्रति विश्वास जताने हेतु आभार प्रकट किया एवं भरोसा दिलाया कि वह उनके विश्वास पर सदैव खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

क्रौंच पर्वत पर स्थित भगवान कार्तिकेय का मंदिर

इस अवसर पर श्री पूर्ण सिंह नेगी, श्री चंद्र सिंह नेगी, श्री बलराम सिंह नेगी, श्री उत्तम सिंह नेगी, श्री रमेश सिंह नेगी, श्री सुरेंद्र सिंह, श्री लक्ष्मण सिंह, श्रीमती सुरजी देवी, श्री सतवीर सिंह जग्गी, मंदिर के पुजारी श्री नंदू पुरी जी महाराज, श्री ताजवर पुरी जी समेत अन्य सदस्य एवं स्थानीय जनता मौजूद थी।

Related Articles