रूद्रप्रयाग

सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 11 वर्षों पर रुद्रप्रयाग में प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित

प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा बोले – “भारत अब भ्रष्टाचार नहीं, नवाचार के लिए जाना जाता है”

रुद्रप्रयाग, 12 जून।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को रुद्रप्रयाग में भाजपा जिला कार्यालय में प्रबुद्ध सम्मेलन (प्रोफेशनल मीट) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बतौर मुख्य वक्ता केंद्र सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों को विस्तार से साझा किया।

मंत्री बहुगुणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत’ के अमृतकाल की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में सेवा, सुशासन और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता मिली है, जिससे भारत की वैश्विक छवि एक सशक्त, आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से अग्रणी राष्ट्र के रूप में उभरी है।

बाबा केदार के दर्शन को श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड आंकड़ा
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में पूर्ण रूप से तत्पर है। केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए हैं।

“अब भ्रष्टाचारी जेल में और योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है”
सौरभ बहुगुणा ने कहा कि वर्ष 2014 से पूर्व भारत का नाम भ्रष्टाचार और घोटालों से जोड़ा जाता था, जबकि आज का भारत डिजिटल, पारदर्शी और विकासशील बन चुका है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंधूर’ से लेकर ‘मेड इन इंडिया’ की सफलता तक भारत की रक्षा क्षमताओं का भी उल्लेख किया।

विधायकों और मंत्रियों ने भी गिनाईं उपलब्धियां
रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने जनपद में विकास को नई रफ्तार दी है। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कई योजनाएं संचालित हो रही हैं।

राज्य मंत्री बलबीर घुनियाल ने भारत की रक्षा तैयारियों की चर्चा करते हुए कहा कि ब्रह्मोस, अग्नि, निर्भय जैसी मिसाइलें देश को सशक्त बना रही हैं और राफेल तथा S-400 से सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हुई हैं।

देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने भारत की आर्थिक स्थिति पर बात करते हुए कहा कि भारत की विकास दर 6.8% तक पहुंच चुकी है और एफडीआई व निर्यात के मामले में भी भारत नया इतिहास रच रहा है।

2047 तक विकसित भारत का लिया संकल्प
इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया और “विकसित भारत का अमृतकाल” विषय पर प्रदर्शनी का भी उद्घाटन हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर महावीर सिंह नेगी ने की और संचालन गंभीर बिष्ट ने किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया।

उपस्थित रहे कई प्रबुद्धजन और वरिष्ठ कार्यकर्ता
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष महावीर पंवार, शकुंतला जगवान, भूपेंद्र भंडारी, सुमंत तिवारी, कैप्टन हरि सिंह राणा, चरण सिंह राणा, सतेन्द्र बर्त्वाल, विकास डिमरी, प्रदीप राणा सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles