
अगस्त्यमुनि(यूके न्यूज 18)। नगर क्षेत्र से सटे बनियाड़ी गांव में रविवार सुबह करीब 9 बजे घास काटने गई दो महिलाओं पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। घटना में मीना देवी (35 वर्ष) पत्नी आनंद सिंह नेगी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया गया कि भालू झाड़ियों में छिपा बैठा था और अचानक घात लगाकर मीना देवी पर टूट पड़ा। शोर सुनकर पास में घास काट रहीं लक्ष्मी देवी (32 वर्ष) पत्नी राजेंद्र सिंह बचाव के लिए आगे बढ़ीं तो भालू ने उन पर भी हमला कर दिया।
स्थानीय ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों महिलाओं को किसी तरह बचाया और तुरंत राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी अगस्त्यमुनि ऋषि शंकर रावत मौके पर पहुँचे। उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना और कहा कि विभाग की ओर से घायलों को शीघ्र ही उचित मुआवजा दिलाने की कार्यवाही की जाएगी।
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



