अगस्त्यमुनी/ माधुरी नेगी
अगस्त्य फुटबॉल कमेटी के तत्वाधान में अगस्त्य क्रीड़ा मैदान अगस्त्यमुनी में आयोजित किये जा रहे प्रदेश स्तरीय फुटबाल टूर्नामेंट में गोपेश्वर की टीम ने पौड़ी को 7-6 से पराजित कर फाइनल की ट्रॉफी पर कब्जा किया।

15 जनवरी से प्रारंभ हुये इस टूर्नामेंट में पौड़ी, हल्द्वानी, गोपेश्वर, ऊखीमठ, अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग समेत लगभग 9 टीमों ने प्रतिभाग किया। आज खेले गए फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिली। अपने बेहतरीन खेल की बदौलत फाइनल मैच का रोमांच चरम तक पहुंचने में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई। निर्धारित समय तक दोनों टीम दो-दो गोल कर बराबरी पर रही। बाद में मैच का निर्णय पेनल्टी शूटआउट के माध्यम से किया गया जिसमें गोपेश्वर की टीम 5-4 से पौड़ी की टीम पर बढ़त बनाने में कामयाब रही।

अगस्त्य क्रीड़ा मैदान में आयोजित किये जा रहे प्रदेश स्तरीय इस टूर्नामेंट में स्थानीय दर्शकों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्रदेश स्तर से पहुंची हुई टीमों द्वारा इस टूर्नामेंट में प्रतिभा करने के फल स्वरुप दर्शकों का फुटबॉल के प्रति आकर्षण देखने को मिला। फाइनल मैच में विजेता गोपेश्वर टीम को चमचमाती ट्राफी एवं ₹25000 नगद पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया गया वहीं उपविजेता रही पौड़ी की टीम को 18000 रुपये समेत ट्रॉफी प्रदान की गई। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी श्री दिलीप सिंह रावत के सौजन्य से प्रदान की गई। उन्होंने अपने माता-पिता की पुण्य स्मृति में यह ट्राफियां समिति को प्रदान की। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी आयोजन समिति की ओर से पुरस्कृत किया गया।

जिसमें बेस्ट डिफेंडर पौड़ी के आयुष रावत, बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार ऊखीमठ के राजेंद्र गोस्वामी, बेस्ट अनुशासित खिलाड़ी का पुरस्कार पौड़ी के पीयूष, ऊभरता हुआ खिलाड़ी का पुरस्कार हल्द्वानी के निखिल, समेत कई अन्य पुरस्कार भी आयोजन समिति के द्वारा खिलाड़ियों को प्रदान किए गए। फाइनल मैच में मुख्य रेफरी की भूमिका में श्री सूरज गोस्वामी, श्री पीयूष सैनी एवं इंद्रजीत थे।

फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के तौर पर जिला कांग्रेस कमेटी जनपद रुद्रप्रयाग के जिला अध्यक्ष श्री कुंवर सजवाण उपस्थित थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री भूपेंद्र राणा निवर्तमान सभासद नगर पंचायत अगस्तमुनि, श्री विक्रम सिंह नेगी भूतपूर्व अध्यक्ष प्रधान संगठन जनपद रुद्रप्रयाग, श्रीमती पंत जिला क्रीड़ा अधिकारी जनपद रुद्रप्रयाग, श्री सुशील भट्ट एडवोकेट उपस्थित रहे। अपने संबोधन ने मुख्य अतिथि सजवाण ने उपस्थित खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल भावना के साथ पूरे टूर्नामेंट के दौरान अनुशासित होकर खेलने हेतु सभी खिलाड़ियों की प्रशंसा की एवं इस सफल आयोजन को संपन्न करवाने हेतु आयोजन समिति को अपनी ओर से ढेर सारी बधाई प्रस्तुत की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा स्थानीय स्तर पर इस तरह की आयोजन होने से जहां एक और स्थानीय युवाओं को मंच मिलता है वहीं दूसरी ओर प्रदेश स्तर से पहुंचने वाले बेहतरीन खिलाड़ियों से स्थानीय युवाओं को सीखने के साथ-साथ प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आयोजन समिति को इस शानदार आयोजन हेतु अपनी ओर से ढेर सारी बधाई दी।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री कुंवर सजवाण सहित आयोजन समिति के संरक्षक श्री राजेंद्र सिंह नेगी, अध्यक्ष श्री राजेश बेंजवाल, सचिव श्री विजय बंगरवाल, कोषाध्यक्ष श्री अरविंद गुंसाई, श्री नवीन बिष्ट अध्यक्ष व्यापार संघ अगस्त्यमुनि वरिष्ठ पत्रकार श्री हरीश गुंसाई, श्री दिलीप सिंह रावत, श्री विक्रम सिंह नेगी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष श्री हिमांशु भट्ट, श्री सोम भट्ट, मोंटी बिष्ट, सुमित भारी संख्या में स्थानीय खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



